पिथौरागढ़, ।
67 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
पिथौरागढ़ के सर्वांगीण विकास को समर्पित है सरकार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ पहुंचकर जनपदवासियों को 284.07 करोड़ रुपये की लागत के 67 विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 कार्यों का लोकार्पण तथा 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास को गति देने के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। कार्यक्रम के दौरान उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक भी लाभार्थियों को वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई ने मुख्यमंत्री को हस्तशिल्प से निर्मित ‘सत्यमेव जयते’ की कलाकृति तथा बाबा नीम करौली की तस्वीर भेंट की।
प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बताया प्रेरणादायी
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विशाल जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को देखा और इसे प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विचारों से नई ऊर्जा का संचार होता है। वे सदैव देश की प्रगति, समाज के कल्याण और राष्ट्र के भविष्य के प्रति चिंतनशील रहते हैं। ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज में सकारात्मकता, जनभागीदारी और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जिन विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे पिथौरागढ़ के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और जनकल्याण के प्रति समर्पित होंगे। राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
आदि कैलाश यात्रा से बढ़ रहे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि कैलाश यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। जिस प्रकार यात्रा में लोगों की रुचि बढ़ रही है, उससे इस बार यात्रियों की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। यात्रा से सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है। स्थानीय लोगों के होमस्टे बढ़ रहे हैं तथा पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यटन, सड़क, स्वास्थ्य, हवाई संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू हो चुका है। इससे आने वाले समय में जनपद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर ही चिकित्सा शिक्षा लेकर हमारे बच्चे डॉक्टर बनेंगे और लोगों को उसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जनपद में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए भी विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने पिथौरागढ़-बांस-आंवला घाट सड़क एवं पुल का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पिथौरागढ़ और गंगोलीहाट के बीच की दूरी कम होगी तथा प्रसिद्ध हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना भी अधिक सुविधाजनक होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पिथौरागढ़ को हवाई सेवाओं से जोड़ते हुए मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई सफर की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से कार्य शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही हैं।
रोजगार, महिला सशक्तीकरण और पारदर्शी भर्ती पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पलायन रोकने, महिला सुरक्षा, रोजगार, नागरिक सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दे रही है। युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कार्रवाई के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। ये सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और सुचिता के साथ संपन्न कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में कठोर भू-कानून लागू किया गया है, ताकि प्रदेश की भूमि, पहचान और भविष्य को सुरक्षित रखा जा सके। महिला सशक्तीकरण के संबंध में उन्होंने लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है। इसके साथ ही राज्य में दंगा विरोधी कानून भी बनाया गया है। उन्होंने ऑपरेशन कालनेमि का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके अंतर्गत फर्जी पहचान के आधार पर लोगों को भ्रमित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रसेवा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और राष्ट्रसेवा की भावना यहां के लोगों के मन में रची-बसी है। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जनपदवासियों को दीपावली, भैयादूज, गोवर्धन पूजा, जौलजीबी मेले तथा आठ गांव शिलिंग मेले की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने कहा कि सड़क संपर्क में सुधार के कारण गुंजी और आदि कैलाश तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक सुगम हुआ है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से आदि कैलाश क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ साहसिक पर्यटन के महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने टनकपुर से आदि कैलाश तक सड़क संपर्क और ऑल वेदर रोड से होने वाली सुविधा का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे यात्रियों की आवाजाही सुगम हुई है। उन्होंने कुमाऊं क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का भी उल्लेख किया तथा जनपद में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इस उपकरण से नेत्र चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री की नौ प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पिथौरागढ़ के विकास के लिए निम्नलिखित नौ घोषणाएं कीं—
नैनी सैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य किया जाएगा।
कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण व हॉटमिक्स का कार्य किया जाएगा।
*सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय बनाया जाएगा।
*अतिरिक्त स्वास्थ केन्द्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र मवानी बनाया जाएगा
*रा०महा०वि० मूनाकोट (रियांसी) की स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य किया जाएगा।
ज्याला मंदिर छाना पाण्डेय में सी०सी० मार्ग निर्माण कार्य किया जाएगा
ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर सौन्दर्याकरण निर्माण कार्य किया जाएगा।
चण्डाक – छेड़ा दिगतोली सड़क सुधारीकरण व चौड़ीकरण निर्माण कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घोषणाओं का उद्देश्य जनपद में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा, पेयजल और धार्मिक स्थलों से संबंधित सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
इस दौरान विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, अध्यक्ष जिला पंचायत जितेंद्र प्रसाद, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, हेमराज बिष्ट, बीजेपी जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।