पिथौरागढ़। विकासखंड के दुर्गम क्षेत्र हीपा बैरिगोण सेलावन निवासी राम सिंह कल शाम अपने घर की छत से गिरकर घायल हो गए। गांव में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने घायल पूर्व सैनिक राम सिंह को लकड़ी के स्ट्रेचर से बांध कर 5 किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। यहां से घायल राम सिंह को जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ भेजा गया। इस दौरान रमेश कार्की ,सुंदर कार्की, गौरव कार्की, पंकज कार्की, महेश कार्की, गंगा कार्की, योगेश कार्की सहित कई लोग मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है वर्षों से सड़क की शासन प्रशासन से मांग कर रहे हैं फिर भी अनदेखी की जा रही है। सड़क नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने इस बार विस चुनाव का बहिष्कार किया था। इस बूथ में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित कुल छह लोगों ने ही मतदान किया था। ग्रामीणों का कहना है जब तक गांव में सड़क नहीं बनती चुनाव का बहिष्कार इसी तरह किया जाएगा।