पिथौरागढ़। कांग्रेस ने आगामी संगठन के चुनावों के लिए अभी से तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए बृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। पिथौरागढ़ और चंपावत जिले के सदस्यता अभियान के प्रभारी महेंद्र सिंह लुंठी ने सभी पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने को कहा है। उन्होंने कहा है कि दो हजार सदस्य बनाने वाला कार्यकर्ता ही पीसीसी सदस्य बन सकता है।
बुधवार को सदस्यता अभियान के प्रभारी महेंद्र लुंठी ने कहा कि सभी ब्लाक अध्यक्षों को जिला स्तरीय पदाधिकारियों के माध्यम से जानकारी दे दी गई है। सदस्यता अभियान में प्रत्येक बूथ से कम से कम 100 नए सदस्य बनाए जाने हैं। इसके लिए हर नए सदस्य की फोटो और वोटर आईडी का नंबर जिला अध्यक्ष के पास जमा करने को कहा ताकि सदस्यता के लिए डिजिटल अभियान शुरू किया जा सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक सदस्य बनाकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।