पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के लछैर गाड़गांव निवासी आशीष खनका सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। आशीष का परिवार तीन पीढ़ियों से सेना में भर्ती होकर देश सेवा कर रहा है। आशीष ने भी पढ़ाई के दौरान पिता और दादा के पदचिन्हों पर चलते हुए सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का निर्णय लिया। आशीष के सेना में अफसर बनने से उनके गांव गाड़गांव में खुशी व्याप्त है।

आशीष खनका के दादा स्व.भूपाल सिंह खनका सेना में कैप्टन के पद से सेवानिवृत हुए थे। उनके पिता बिशन सिंह खनका सेना में सूबेदार मेजर हैं। आशीष की पढ़ाई एपीएस पिथौरागढ़ से हुई। देहरादून आईएमए में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वह सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। पासिंग आउट परेड में उनके पिता बिशन ‌सिंह खनका और माता पार्वती खनका ने उनके कंधों पर स्टार सजाए। वर्तमान में उनका परिवार पिथौरागढ़ शहर के विण में रहता है।