पिथौरागढ़। सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर प्रशासन की कार्रवाई के बाद व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। नगर व्यापार मंडल की पहल पर व्यापारियों ने चालानी कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं दुकानों से 200 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र कर नगरपालिका में जमा कराया।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बावजूद पिथौरागढ़ नगर में इसका प्रयोग हो रहा था। जिलाधिकारी ने स्वयं तीन दिन पूर्व छापा मारकर एक व्यापारी का 50 हजार का चालान किया था। इसके अलावा पालिका भी व्यापारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील कर रही है। इस कार्रवाई के बाद कुछ व्यापारियों ने स्वयं सिंगल यूज प्लास्टिक जमा करना शुरू कर दिया है। पहले दिन व्यापार संघ पदाधिकारियों की अपील पर व्यापारी स्वयं 200 किलो प्लास्टिक की सामग्री लेकर पालिका पहुंचे और जमा कराई। इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत, उपाध्यक्ष अजय रावत, महासचिव रोहित चौहान, संयुक्त सचिव हरिओम, हरीश धामी, रामदेव वर्मा, प्रणय मेहरा, विक्रम सागर आदि उपस्थित थे। व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत ने कहा है कि जिन व्यापारियों के पास पहले से सिंगल यूज प्लास्टिक जमा है उसे नगरपालिका में जमा कर दें। इसमें कोई चालानी कार्रवाई नहीं होगी बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अच्छा कदम और प्रशासन को सहयोग होगा। ईओ दीपक गोस्वामी ने व्यापार संघ और व्यापारियों की इस पहल को प्रशंसनीय बताया है।

