पिथौरागढ़। नामिक गांव की बीमार महिला को हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी पहुंचाया। विकासखंड मुनस्यारी के सबसे दूरस्थ क्षेत्र नामिक गांव में, विगत कई दिनों से स्थानीय गांव की एक विधवा महिला चम्पा देवी बीमार थी। बुधवार की सुबह से ही चम्पा देवी की हालत कुछ ज्यादा ही बिगड़ने लग गई। जब इसकी जानकारी क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी के प्रतिनिधि हीरा सिंह चिराल (मुनस्यारी) को मिली तो , उन्होंने यह जानकारी फोन कॉल के माध्यम से तुरंत ही विधायक हरीश धामी को दी, जिसमें विधायक धामी ने यह जानकारी जिलाधिकारी पिथौरागढ़ रीना जोशी को दी। वहीं जिलाधिकारी रीना जोशी ने मामले को गंभीरता से देखते हुए तुरंत ही हेली की व्यवस्था कर नामिक गांव को भेज दी। जिसमें पीड़ित महिला चम्पा देवी को हेली की मदद से हायर सेंटर हल्द्वानी ले जाया गया। जहां अभी उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित महिला के परिवारजनों व नामिक गांव के ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक और जिलाधिकारी का आभार जताया है।