पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से लगे तड़ीगांव में सड़क और एक सरकारी कार्यालय निर्माण के लिए चट्टान तोड़ी जा रही है। इसके लिए भारी ब्लास्टिंग का उपयोग हो रहा है। ब्लास्टिंग से पूरी पहाड़ी के दरकने की आशंका बनी हुई है। परेशान महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि ब्लास्टिंग के चलते ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है निर्माण कार्य की आड़ में गांव में अवैध खनन चल रहा है। रात भर पत्थर निकाल कर बेचे जा रहे हैं बीती रात्रि महिलाओं ने अवैध खनन सामग्री ले जा रहे हैं एक वाहन को रोकने की कोशिश की तो वाहन चालक ने महिलाओं पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। महिलाओं ने खुद को किसी तरह बचा लिया। महिलाओं ने जिलाधिकारी से तत्काल जांच की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में हेमा देवी, योगिता देवी, शांति देवी, निर्मला देवी, ललिता देवी, मीना देवी, रजनी देवी, कमला देवी, अभिषेक बोहरा, शुभम बिष्ट, विनोद कुमार, सुरेंद्र सिंह सहित तमाम महिलाएं शामिल रही। महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौपा। जिलाधिकारी ने इस मामले में उप जिलाधिकारी को क्षेत्र में जाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं।