नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। गुरुवार रात दिल्ली स्थित एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली। 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब में उनका जन्म हुआ था। 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे पूर्व पीएम मनमोहन के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। सांस संबंधी दिक्कतों के बाद गुरुवार रात करीब 8 बजे उन्हें एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टर की एक टीम उनकी निगरानी कर रही थी, लेकिन कुछ देर बाद ही पूर्व पीएम ने अंतिम सांस ली। 1971 में भारत सरकार के सलाहकार रहे। मनमोहन सिंह ने 1991 में पीवी नरसिम्हा राव के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। 1991 में आर्थिक सुधार लागू करने में अहम भूमिका निभाई। साधारण परिवार से वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। 1987 पद्मविभूषण से सम्मानित हुए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए रोजगार गारंटी योजना लागू की। बच्चों के लिए शिक्षा योजना लागू की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उनके निधन पर दुख जताया है।

