पिथौरागढ़। रविवार को पिथौरागढ़ के बंगापानी क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल ने जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, दिल्ली नंबर की कार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। सुबह 11:30 बजे जैसे ही कार बंगापानी तहसील के उमरगड़ा के पास पहुंची, अचानक नियंत्रण खोकर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंचे।
इस हादसे में लक्ष्मण सिंह पुत्र राम सिंह, निवासी धुरातोली मुनस्यारी, उम्र 30 वर्ष, अंकित पांडेय पुत्र बसंत पांडेय, निवासी दौला, पिथौरागढ़, उम्र 30 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में आयुष पंत पुत्र नरेंद्र पंत, निवासी टकाना, उम्र 26 और देवेंद्र भट्ट पुत्र स्व. परमानंद भट्ट, निवासी टकाना, उम्र 25 वर्ष घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर घायल आयुष पंत ने रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल देवेन्द्र का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। तीन युवकों की मौत से पूरे जिले में शोक की लहर है।
