मुनस्यारी। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की 14 वीं वाहिनी के सहयोग से 5 जनवरी से मुनस्यारी में भर्ती प्रशिक्षण डे कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप में पांच दर्शन से अधिक युवाओं को भर्ती होने के लिए फिजिकल तथा थ्योरिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कैंप एक माह तक चलेगा।
भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल देहरादून फ्रंटियर के महानिरीक्षक संजय सिंह गुंज्याल के दिशा निर्देशन में आयोजित इस शिविर में सीमांत के युवाओं को भर्ती होने के लिए दक्ष बनाया जाएगा।
14 वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल जाजरदेवल के सेनानी राम भरत सिंह कुशवाहा के गाइडेंस में चलने वाले एक माह के प्रशिक्षण कैंप में इस क्षेत्र के युवाओं को पहली बार भर्ती होने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आयोजक संस्था सोसायटी फॉर एक्सन इन हिमालया के अध्यक्ष जगत सिंह मर्तोलिया ने बताया कैंप में फिजिकल तथा थ्योरिकल प्रशिक्षण देने के लिए आइटीबीपी के कुशल प्रशिक्षक यहां आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में भाग लेने वाले युवाओं ने अपना पंजीकरण कर लिया है। चार जनवरी को चार बजे तक सामुदायिक पुस्तकालय में पंजीकरण का काउंटर खुला रहेगा।
इस प्रशिक्षण में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए उनकी विशेष रूप से काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन सभी युवाओं के लिए स्थानीय सामुदायिक पुस्तकालय में अध्ययन करने के लिए पुस्तक भी उपलब्ध है।
उन्होंने इस डे प्रशिक्षण कैंप के लिए आईटीबीपी के महानिदेशक संजय सिंह गुंज्याल तथा 14 वीं वाहिनी के सेनानी राम भरत सिंह कुशवाहा का सीमांत क्षेत्र की ओर से आभार व्यक्त किया।