पिथौरागढ़ । पिथौरागढ़ घाट NH पर रविवार देर शाम एक कार खाई में गिर गई। इस हादसे में पति पत्नी की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक नगर के बजेटी निवासी 38 वर्षीय योगेश कुमार पुत्र जीवन राम अपनी पत्नी 26 वर्षीय निधि राज के साथ रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गंगोलीहाट गए थे। रविवार को बारात गंगोलीहाट से लोहाघाट गई। दोनों बाराती बनकर लोहाघाट पहुंचे। शाम के समय दोनों कार में लोहाघाट से सीधे पिथौरागढ़ अपने घर के लिए रवाना हुए। देर शाम जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर पहले मटेला बेंड के समीप कार बेकाबू होकर 250 मीटर दूर खाई में गिर गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम को खाई में योगेश और उनकी पत्नी निधि के शव पड़े हुए मिले। घाट चौकी प्रभारी जितेंद्र सौराड़ी ने बताया कि शवों को मोर्चरी में रखा गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।