पिथौरागढ़। रविवार को पिथौरागढ़ जिले के उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में दिन भर धूप खिली रही। मौसम के इस रंग को देखकर सभी अचंभित दिखे।
दोपहर तक हिमालयी क्षेत्र में भी मौसम सामान्य था। दोपहर बाद अचानक बादल घिरने लगे और मुनस्यारी के पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, त्रिशूल सहित अन्य चोटियों पर हिमपात हुआ। उधर धारचूला के व्यास घाटी के गुंजी, कालापानी सहित अन्य क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। दारमा घाटी में भी हिमपात हुआ है। होम स्टे संचालक गुड्डू जंग और अभिराज दताल ने दारमा घाटी में बर्फ बारी होने से ठंड बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि रविवार को इस सीजन का चौथा हिमपात हुआ है।
जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य हिस्सों में धूप खिली रही
रविवार को जहां दोपहर बाद जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई वहीं पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय, डीडीहाट से लेकर धारचूला तक मौसम सामान्य रहा और पूरे दिन धूप खिली रही। धारचूला में देर शाम आसमान में बादल छाने शुरू हुए।

