जनसमस्याओं के समाधान को लेकर डीएम सख्त, 1905 हेल्पलाइन की भी की समीक्षा
पेयजल, मुआवजा व अतिक्रमण मामलों पर डीएम के सख्त निर्देश
जनसुनवाई दिवस पर विभिन्न समस्याओं की सुनवाई, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के आदेश
जनता की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर, डीएम ने विभागों को दिए स्पष्ट निर्देश
पिथौरागढ़, 23 फरवरी 2026, सूचना
प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाला जनसुनवाई दिवस आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान, आपदा कार्यों हेतु बजट आवंटन, अतिक्रमण एवं अवैध खनन की जांच, पेयजल संकट, पेयजल लाइन संयोजन व क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत, विद्यालयों की मरम्मत, काश्तकारों को भूमि मुआवजा दिलाए जाने, मंदिर मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, पुलिया निर्माण, क्षतिग्रस्त पेयजल टैंक के पुनर्निर्माण, सुरक्षा दीवार निर्माण, पीएमजीएसवाई सड़क मार्ग में नाली निर्माण, बंदर व जंगली जानवरों से उत्पन्न समस्या सहित अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रमुख समस्याओं में वन पंचायत संगठन द्वारा ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए वन पंचायतों को आर्थिक सहायता एवं आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाने की मांग रखी गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम भुरमुनी निवासी पुष्कर राम द्वारा क्षतिग्रस्त पानी की टंकी एवं पुल निर्माण की मांग रखी गई। उन्होंने पूर्व में जनसुनवाई के माध्यम से अपनी समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए पुष्पमाला भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
ग्राम भटयूड़ा के समस्त ग्रामवासियों द्वारा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या रखते हुए ग्राम सभा में सोलर लिफ्टिंग पेयजल योजना निर्माण की मांग की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य डूंगरा पाँभे द्वारा ग्राम पंचायत में मुख्य टैंक से सभी तोकों तक समान रूप से जल वितरण सुनिश्चित किए जाने एवं सोलर लाइटों के असमान वितरण की शिकायत दर्ज कराई गई। वहीं ग्राम लोधीयागैर मेलडूंगरी के काश्तकारों ने सड़क निर्माण के 15 वर्ष बाद भी लोनिवि डेरा द्वारा मुआवजा न दिए जाने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रकरणों की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही समाचार पत्रों में प्रकाशित जनसमस्याओं से संबंधित खबरों की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत करने एवं आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीएम योगेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर जितेन्द्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

