पिथौरागढ़ । जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई द्वारा आज टकाना आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण, स्वच्छता व्यवस्था, पंजीकरण अभिलेखों एवं संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने बच्चों को दिए जा रहे पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री से बच्चों के टीकाकरण, वजन मापन एवं प्री-स्कूल गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं, अतः यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

