दिनांक 28/02/2026 को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत श्री आशीष कुमार, कमांडेंट, 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ के निर्देशन तथा डॉ. सौम्या हलदर, मुख्य चिकित्साधिकारी (एस.जी.) की देखरेख में सीमा चौकी झुलाघाट के कार्यक्षेत्र में स्थित ग्राम-भटेडी में नागरिक कल्याण के अनुक्रम में एक नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने एवं जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल द्वारा निरंतर किए जा रहे जनहितकारी प्रयासों की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण अंग रहा।
चिकित्सा शिविर के दौरान 55वीं वाहिनी के चिकित्सक डॉ. सौम्या हलदर, मुख्य चिकित्साधिकारी (एस.जी.) द्वारा सीमांत क्षेत्र में निवासरत ग्रामीणों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया गया। शिविर में कुल 42 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया, जिनमें 24 पुरुष, 16 महिलाएं और 02 बच्चें सम्मिलित थे।
यह चिकित्सा शिविर केवल रोगों की पहचान एवं उपचार तक सीमित न रहकर एक समग्र जनजागरूकता कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का महत्व, संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, मौसमी बीमारियों से बचाव, प्राथमिक उपचार तथा स्वास्थ्य संबंधी अन्य आवश्यक विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
सशस्त्र सीमा बल, भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप, सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को मुख्यधारा से जोड़ने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने तथा सुरक्षा के साथ-साथ सेवा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर इस प्रकार के जनहितकारी, कल्याणकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है।
ग्राम भटेडी के ग्रामीणों ने सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित इस नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं लाभकारी बताया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।