ऋषिकेश। 05 मार्च की रात्रि में ऋषिकेश कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला को सूचना प्राप्त हुई कि पशुलोक बैराज के निकट नदी के बीच बने एक टापू पर एक युवक फंसा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पशुलोक बैराज से कुनाऊ गांव की दिशा में लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर तक युवक की तलाश की गई, किन्तु कोई सफलता प्राप्त नहीं हो सकी। इसके बाद एसडीआरएफ टीम द्वारा रात्रि के अंधेरे, तेज बहाव एवं दुर्गम नदी तटों के बीच लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। टीम ने अत्यंत धैर्य, सतर्कता एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए खोजबीन जारी रखी तथा कुनाऊ गांव से लगभग दो किलोमीटर आगे नदी के बीच बने टापू पर फंसे युवक तक पहुंच बनाने में सफलता प्राप्त की।

एसडीआरएफ टीम द्वारा जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कड़ी मेहनत एवं सूझबूझ के साथ युवक को सुरक्षित बाहर निकालते हुए सकुशल रेस्क्यू किया गया तथा उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान आयुष ममगई के रूप में हुई, वह बीटेक का छात्र है।