हल्द्वानी। लालकुआं-काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 30 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्ण नन्द कांडपाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में गांव की 25 वर्षीय नेहा कांडपाल पुत्री पुष्कर कांडपाल ने उनसे लिफ्ट ली और साथ बैठ गई। नेहा अशोक लीलैंड कंपनी में कार्यरत बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों गांव की सड़क से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़े और आगे चल रहे डंपर (यूके 01-सीए 3035) को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और डंपर के नीचे जा घुसी।हादसा इतना भीषण था कि कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं नेहा के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
