धारपांगू व जिप्ती के आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा उठा
हचिला प्राथमिक विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था यथावत रखने की अभिभावकों ने की मांग
जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, विद्युत व राजस्व से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं
जनसमस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश
पिथौरागढ़,09 मार्च 2026 सूचना।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई में फरियादियों द्वारा सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व, भूमि विवाद तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित समस्याएं उठाई गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत धारपांगू की प्रधान पुष्पा देवी ने वर्ष 2022 की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के विस्थापन एवं भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराए जाने संबंधी पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। पत्र में बताया गया कि आपदा के कारण कई मकानों में दरारें आ गई हैं तथा कुछ परिवार वर्तमान में मिलन केंद्र एवं पंचायत भवन में रह रहे हैं। प्रभावित 12 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त विकासखंड डीडीहाट के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय हचिला के संबंध में अभिभावकों ने प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय में कार्यरत अध्यापक भुवन चन्द्र भट्ट को यथावत रखने का अनुरोध किया, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
साथ ही ग्राम पंचायत जिप्ती के आपदा प्रभावित परिवारों को पुनर्वास लाभ दिलाए जाने हेतु भी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना रहता है तथा लगभग 66 परिवार जोखिम भरे स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में एडीएम योगेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर जितेन्द्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
