छारछुम सेतु निर्माण को मिलेगी गति, डीएम ने परियोजनाओं पर कसी लगाम
सीमांत विकास पर प्रशासन सख्त, छारछुम सेतु व सड़क परियोजनाओं की डीएम ने ली समीक्षा
जनपद पिथौरागढ़ में राष्ट्रीय महत्त्व की सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, भूमि अधिग्रहण तथा छारछुम सेतु के निर्माण कार्यों की समीक्षा हेतु आज कैंप कार्यालय में आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सीमांत क्षेत्र में संचालित विभिन्न परियोजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं समन्वित रूप से पूर्ण कराना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने छारछुम मोटर पुल के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अस्कोट अरुण अरोरा ने बताया कि यह पुल आगामी 02 से 03 माह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने अवगत कराया कि वर्तमान में पुल से जुड़े एप्रोच मार्गों का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह पुल क्षेत्रीय आवागमन को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ सामरिक दृष्टि एवं स्थानीय विकास की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक में सीमा क्षेत्र में चेकपोस्ट निर्माण के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कस्टम विभाग को निर्देशित किया कि चेकपोस्ट निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही लैंड कस्टम स्टेशन (Land Customs Station) की स्थापना हेतु आवश्यक भूमि चिन्हांकन एवं वैधानिक प्रक्रियाओं को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए, जिससे भविष्य में सीमा पार व्यापार, निगरानी एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य परियोजनाओं के अंतर्गत सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी धारचूला को क्षेत्र में चल रहे समस्त निर्माण एवं अधिग्रहण कार्यों की निरंतर एवं सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही काला क्षेत्र से संबंधित मामलों में राजस्व विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा, ताकि प्रशासनिक प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में जनहित सर्वोपरि रखा जाए तथा सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएं। बैठक में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह हयांकी सहित लोक निर्माण विभाग पिथौरागढ़ एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
