एग्रीस्टैक योजना की प्रगति बढ़ाने के लिए एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देश
पिथौरागढ़, ।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 1905 सीएम हेल्पलाइन एवं एग्रीस्टैक योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा एग्रीस्टैक योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों (SDM) एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत किसानों का पंजीकरण एवं डाटा अपडेशन कार्य में तेजी लाते हुए प्रगति प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लक्ष्य प्राप्त करें।
बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी द्वारा एग्रीस्टैक योजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद में किसानों का पंजीकरण एवं भूमि संबंधी विवरण को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ते हुए कार्य में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
