रसूखदारों को किसने दी सरकार की जमीन बेचने की अनुमति: साह

पिथौरागढ़। सोर नजूल फ्रीहोल्ड संघर्ष समिति ने नगर क्षेत्र के भीतर अवैध रूप से नजूल भूमि की खरीद -फरोख्त की जॉच की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि नजूल नीति खुली नहीं है और कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से सरकार को चूना लगाकर लाखों-करोंड़ों रूपयों में जमीन बेची जा रही व उस पर पक्के निमार्ण कराए जा रहे है। कहा कि खरीदने और बेचने वाले की जॉच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
संघर्ष समिति के संयोजक उमेश लाल साह के नेतृत्व में नगरवासियों ने जिलाधिकारी को दो सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए बारह पत्थर सड़क के भीतर नगर के पुराना बाजार, नयाबाजार, सिमलगैर वार्ड में कुछ लोगों द्वारा मिलीभगत करते हुए नजूल भूमि को बिना मालिकाना हक लिए खरीदा-बेचा गया है। कहा कि सरकार की जमीन पर अवैध तरीके से भवन निमार्ण हो रहे हैं और विकास प्राधिकरण सोया हुआ है। पार्षद करन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की जमीन से लाखों-करोंड़ों रूपये अवैध तरीके से कमाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पूरे प्रकरण की जॉच की जाए। पुरानी बाजार के पार्षद सुशील खत्री ने कहा कि नजूल नीति 2021 का पालन हो तथा अवैध बिक्री पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को नजूल संघर्ष समिति अवैध रूप से जमीन खरीदने और बेचने वालों की सूची बनाकर सौंपी जाएगी। ज्ञापन देने वालों में सिमलगैर वार्ड के पार्षद नीरज जोशी, पार्षद विजेंद्र सिंह महर, पार्षद अनिल वर्मा मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संघर्ष समिति से अवैध खरीद-फरोख्त करने वालों की सूची देने के साथ जॉच किए जाने का भरोसा दिलाया।