पिथौरागढ़, ।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने अवगत कराया है कि जनपद में घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जनपद में प्रतिदिन लगभग 1980 घरेलू गैस सिलेंडरों तथा लगभग 80 कमर्शियल गैस सिलेंडरों की मांग रहती है और गैस की उपलब्धता सुचारू रूप से बनी हुई है।

साथ ही जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता भी सामान्य है तथा इनकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर पर निरंतर समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्कूलों एवं अस्पतालों को प्राथमिकता देते हुए कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में इमरजेंसी के लिए टोल फ्री नंबर 1077 स्थापित किया गया है, जिस पर जनपदवासी अपनी शिकायतें एवं सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।

वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के मध्य उत्पन्न वैश्विक तनाव को लेकर सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर विभिन्न प्रकार की भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। जनपद प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें।

प्रशासन एवं आपूर्ति विभाग द्वारा स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है। इस अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के बावजूद जनपद में घरेलू गैस (LPG) की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू रूप से जारी है।

आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि—

घरेलू उपयोग हेतु गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

गैस वितरण व्यवस्था (सप्लाई चेन) पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

किसी भी प्रकार की घबराहट में आकर अनावश्यक बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है।

जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे पैनिक बुकिंग से बचें तथा केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

उन्होंने आगे बताया कि प्रशासन एवं गैस एजेंसियां यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रत्येक घर तक रसोई गैस की आपूर्ति समय पर एवं सुचारू रूप से बनी रहे। नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी के लिए केवल सरकारी बुलेटिन या संबंधित गैस कंपनियों के आधिकारिक पोर्टल पर ही विश्वास करें।