पिथौरागढ़ के चंडाक क्षेत्र के गौडि़यागाड़ गांव में गुलदार ने हमला कर महिला को घायल कर दिया। महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार निर्मला देवी 46 शाम के समय घास लेने खेतों की जा रही थी। इसी दौरान घात लगाए एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में निर्मला के चेहरे और हाथ में गहरे जख्म हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लाए जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि गश्त के लिए एक टीम को गौड़ियागांव भेजा गया है। वहां पर टीम गश्त कर रही है। इसके अलावा ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हाल जाना। उन्होंने वन विभाग से परिवार को मुआवजा देने और क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।
