सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर–जौलजीबी मार्ग की जिलाधिकारी ने प्रगति की विस्तृत समीक्षा की

टनकपुर से जौलजीबी तक सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने की समीक्षा

तनकपुर–जौलजीबी वाया पंचेश्वर मार्ग के संबंध में जिलाधिकारी ने की महत्वपूर्ण बैठक

आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह ह्यांकी के साथ टनकपुर से जौलजीबी वाया पंचेश्वर मोटर मार्ग के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने टनकपुर से जौलजीबी मार्ग की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस पर अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह ह्यांकी ने अवगत कराया कि टनकपुर से रूपाली गाड़ तक लगभग 55 किलोमीटर मार्ग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके बाद रूपाली गाड़ से पंचेश्वर तक लगभग 35 किलोमीटर मार्ग के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है, जिसे इसी माह स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि पंचेश्वर से बल्तड़ी तक लगभग 30 किलोमीटर मार्ग के लिए सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है तथा जून माह तक इसकी डीपीआर तैयार कर ली जाएगी। इसके अतिरिक्त बल्तड़ी से जौलजीबी तक लगभग 36 किलोमीटर मार्ग के लिए भी सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया जायेगा और इसकी डीपीआर भी जून माह तक तैयार कर स्वीकृति हेतु भारत सरकार को प्रेषित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर कार्य निरंतर प्रगति पर है तथा भारत सरकार स्तर पर भी लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि मार्ग का निर्माण शीघ्र पूर्ण किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि लगभग 155 किलोमीटर लंबा यह मार्ग सामरिक एवं स्थानीय आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए मार्ग के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की विभागीय समन्वय संबंधी समस्या आती है तो तत्काल जिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क करें और जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ।