पिथौरागढ़।
लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास प्रस्तावित पार्किंग स्थल स्थानांतरण के निर्देश
गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के अंतर्गत निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता श्री जगदीश जोशी ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 12 पार्किंग स्थल निर्माणाधीन हैं, जिनमें से 06 का कार्य पूर्ण हो चुका है। पूर्ण हुए कार्यों में 03 सतही (सरफेस) तथा 03 बहुमंजिला पार्किंग शामिल हैं, जबकि शेष पार्किंग स्थलों पर कार्य प्रगति पर है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप निर्माणाधीन पार्किंग, जिस पर वर्तमान में कार्य रुका हुआ है, को अन्य उपयुक्त स्थल पर स्थानांतरित करने हेतु तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही, जिन पार्किंग स्थलों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उनके शीघ्र हस्तांतरण एवं संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि श्री दिनेश गुप्ता, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग श्री पंकज कुमार सहित समस्त उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
