पिथौरागढ़

“जिलाधिकारी ने तहसील में की कड़ी समीक्षा — अब अव्यवस्था पर होगी सख्त कार्रवाई”

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने आज तहसील परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों का स्थलीय अवलोकन कर परिसर की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराने तथा परिसर की विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कोर्ट का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के लिए उपजिलाधिकारी सदर को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कक्षों में प्रत्येक कार्मिक की नाम पट्टिका टेबल पर रखने, पत्रावलियों के उचित संधारण एवं निस्तारण, तथा प्रत्येक अलमारी के बाहर उसमें रखे पत्र–प्रपत्रों की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील परिसर में आए नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल समाधान हेतु निर्देशित किया।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में उचित सूचना बोर्ड, होर्डिंग एवं स्क्रीन लगाने, तथा बड़े बकायेदारों की सूची परिसर में प्रमुखता से चस्पा करने के निर्देश भी प्रदान किए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री योगेन्द्र सिंह,उपजिलाधिकारी सदर श्री जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार श्री विजय गोस्वामी एवं तहसील के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।