पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला क्षेत्र अंतर्गत जुम्मा गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान की है। जिलाधिकारीआशीष भटगांई के निर्देश पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से घायल मासूम बच्ची के परिवार को ₹10,000 की त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत “एलागाड़ से जुम्मा मोटर मार्ग” निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें 4 वर्षीय पार्वती धामी को गंभीर चोटें आईं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से घायल बच्चियों को प्राथमिक उपचार हेतु धारचूला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ रेफर किया गया। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए भी भेजा गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही संबंधित विभागों को घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है कि बच्ची के समुचित उपचार और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्रीय जनता द्वारा सराहना की जा रही है।