पिथौरागढ़, ।

आदि कैलाश यात्रा 2026: 28 अप्रैल से परमिट, 1 मई से खुलेंगे शिव धाम के कपाट

सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा का खाका तैयार: डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश

आदि कैलाश यात्रा 2026 के लिए प्रशासन तैयार : जिलाधिकारी की व्यवस्थाओ की समीक्षा

आगामी आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा-2026 की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में इनर लाइन परमिट व्यवस्था तथा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए इनर लाइन परमिट हेतु ऑनलाइन प्रक्रिया 28 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी, जिसके अंतर्गत श्रद्धालु पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। परमिट उपजिलाधिकारी, धारचूला कार्यालय के माध्यम से जारी किए जाएंगे। साथ ही जोलिंगकोंग स्थित प्रमुख शिव मंदिर के कपाट 01 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, दूरसंचार, खाद्यान्न, शौचालय, सुरक्षा एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह को निर्देशित किया कि उनकी अध्यक्षता में एक टीम गठित की जाए, जो यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व गुंजी क्षेत्र में जाकर सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करे, ताकि शेष कमियों का समय रहते निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा पिथौरागढ़, धारचूला के साथ-साथ पिथौरागढ़ मुख्यालय में भी प्रतिदिन उपलब्ध कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य को निर्देशित किया कि इनर लाइन परमिट की दैनिक स्थिति की निगरानी की जाए तथा इस वर्ष आने वाले श्रद्धालुओं/पर्यटकों का समुचित रिकॉर्ड रखा जाए, जिससे भविष्य की यात्राओं के लिए बेहतर योजना बनाई जा सके।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर छोटे मेडिकल कैंप स्थापित करने, प्रमुख स्थानों पर ALS एंबुलेंस की तैनाती तथा ITBP से प्रत्येक चेकपोस्ट पर मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

बैठक में सड़क एवं परिवहन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए धारचूला से गुंजी तथा गुंजी से आदि कैलाश एवं कालापानी मार्ग की स्थिति का जायजा लिया गया। BRO को निर्देश दिए गए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी सड़क मार्गों की कमियां दूर की जाएं।

जिलाधिकारी ने टैक्सी, होमस्टे, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, शौचालय, साफ-सफाई एवं ठहरने की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं नियंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही सप्लाई विभाग को डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेट्रोल पंपों पर शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था अनिवार्य रूप से बनाए रखने को कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य उपचिकित्सा अधिकारी प्रशांत कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।