पिथौरागढ़ ।
पिथौरागढ़ में सेवाओं का विस्तार: आधुनिक पासपोर्ट कार्यालय तैयार, संचालन की तैयारी पूरी
जनता को बड़ी राहत:
कलेक्ट्रेट में ही मिलेगी पासपोर्ट और डाक सेवाओं की सुविधा
आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पोस्ट ऑफिस के नए कार्यालय तथा पासपोर्ट कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में पासपोर्ट सेवाओं के लिए पृथक एवं आधुनिक कार्यालय तैयार कर लिया गया है तथा पासपोर्ट कार्यालय की समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं, जिसे शीघ्र ही आमजन के लिए संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नए भवन के प्रारंभ होने से पासपोर्ट सेवाएं अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं जनसुलभ बनेंगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, व्यवस्थित प्रतीक्षालय, पर्याप्त पार्किंग एवं दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
