पिथौरागढ़ |
जनपद पिथौरागढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत संवेदनशील है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण के दौरान प्रत्येक प्रविष्टि का सूक्ष्म परीक्षण किया जाए तथा अपात्र नामों को हटाते हुए पात्र व्यक्तियों को सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने फील्ड स्तर पर अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण करें और कार्य की प्रगति की दैनिक समीक्षा करें।
उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को जागरूक करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सूची से वंचित न रह जाए। शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जीतेन्द्र वर्मा सहित सभी उपजिलाधिकारी (VC के माध्यम से) तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
