पिथौराग

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने गंगोत्री गर्ब्यांल गर्ल्स इंटर कॉलेज का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

  जनपद के जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगाई ने आज गंगोत्री गर्ब्यांल गर्ल्स इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, पठन-पाठन व्यवस्था एवं छात्राओं से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

 इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनकी पढ़ाई, विषयों एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से उनके विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जिलाधिकारी के प्रश्नों का उत्तर दिया और उनसे संवाद कर प्रसन्नता व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान बच्चे भी काफी उत्साहित एवं खुश नजर आए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में लगे श्यामपट्ट (ब्लैकबोर्ड) काफी पुराने हो चुके हैं, जिससे पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो सकता है। इस पर उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी पुराने श्यामपट्टों को तत्काल बदलने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने विद्यालय में प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना भी आवश्यक है। बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील योजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं भोजन निर्माण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए यह सुनिश्चित किया कि बच्चों को परोसा जा रहा भोजन मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा विद्यालय में शिक्षा एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य ही समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है तथा प्रशासन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।