पिथौरागढ़।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में शहरी विकास विभाग एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों द्वारा संचालित स्वच्छता कार्यों, कूड़ा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, डंपिंग जोन प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी नगर निकायों में घर-घर कूड़ा संग्रहण एवं स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण को शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्रों में किसी भी स्थान पर अवैध रूप से कूड़ा डंपिंग न होने पाए। कूड़ा निस्तारण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा स्वच्छता संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही करें।
बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, स्वच्छता अभियानों एवं वृक्षारोपण गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों को निर्देश दिए कि विद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा अधिक जनसंख्या वाले क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर पिथौरागढ़ के निर्माण हेतु सभी विभागों को लक्ष्यबद्ध ढंग से कार्य करना होगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार,सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीसी से तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
