पिथौरागढ़। बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ शहर सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में जमकर हिमपात हुआ। इस दौरान लोगों ने शहर और चंडाक में बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। बर्फबारी से थल-मुनस्यारी सड़क बंद हो गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार बृहस्पतिवार को सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा था। सुबह 10 बजे से जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात शुरू हुआ। मुनस्यारी और धारचूला के ऊंचाई वाले इलाकों में दोपहर तक भारी बर्फबारी हुई। अपराह्न तीन बजे से पिथौरागढ़ के चंडाक और असुरचुला, थल केदार में बर्फबारी शुरू हो गई। इसके बाद शहर में भी हिमपात हुआ। लगभग एक घंटे तक हुए हिमपात के बाद सोरघाटी के आसपास की सभी चोटियां बर्फ से लकदक हो गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने चंडाक पहुंचकर बर्फबारी का आनंद उठाया। चंडाक रोड में वाहनों की कतारें लग गई। चंडाक के अलावा, रतवाली, बड़ाबे, सतगढ़, कनालीछीना आदि स्थानों में भी भारी हिमपात हुआ।