पिथौरागढ़। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार, पिथौरागढ़ में जिला स्तरीय समीक्षा एवं परामर्श समिति (DLRC) की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) हिमांशु जोशी द्वारा किया गया। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून के प्रतिनिधियों, जनपद में संचालित विभिन्न बैंकों के अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) अनुपात, वार्षिक ऋण योजना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न बैंकिंग एवं स्वरोजगार योजनाओं की विभागवार एवं बैंकवार समीक्षा की। उन्होंने बैंकों के प्रदर्शन का आकलन करते हुए निर्देश दिए कि ऋण वितरण में अपेक्षित वृद्धि सुनिश्चित की जाए तथा वार्षिक ऋण योजना के अंतर्गत कृषि, एमएसएमई, शिक्षा, स्वरोजगार एवं प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति लाई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सभी संबंधित विभागों एवं बैंकों की संयुक्त जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी बैंक एवं विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराएं तथा स्वीकृत लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए, जिससे अधिकाधिक पात्र व्यक्ति स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं से जुड़ सकें।
बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए तथा बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर बल दिया गया।

बैठक में डीडीएम नाबार्ड राकेश कन्याल सहित बैंकर्स, विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।