पिथौरागढ़। 19 कुमाऊँ रेजीमेंट के 48वें स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद पिथौरागढ़ में रेजीमेंट के पूर्व सैनिकों द्वारा एक निजी होटल में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति, सैन्य परंपराओं एवं रेजीमेंटल गौरव की भावना से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 19 कुमाऊँ रेजीमेंट के अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर कैप्टन रामी चंद साहब द्वारा शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किया गया, जबकि उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों एवं सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

समारोह को संबोधित करते हुए 19 कुमाऊँ पूर्व सैनिक पिथौरागढ़ के अध्यक्ष सूबेदार मेजर प्रहलाद सिंह ने रेजीमेंट के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, पराक्रम एवं राष्ट्रसेवा की उत्कृष्ट परंपराओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 19 कुमाऊँ रेजीमेंट ने देश की रक्षा में सदैव अद्वितीय साहस, अनुशासन और बलिदान का परिचय दिया है, जिस पर प्रत्येक सैनिक एवं पूर्व सैनिक को गर्व है।

कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “19 कुमाऊँ रेजीमेंट अमर रहे” तथा “जय माँ कालिका” के गगनभेदी उद्घोषों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। इसके उपरांत पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों ने पारंपरिक कुमाऊँनी लोकसंस्कृति के प्रतीक झोड़ा-चांचरी एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर समारोह को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर सभी सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए रेजीमेंट की निरंतर प्रगति, गौरव एवं राष्ट्रसेवा की परंपरा को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में सूबेदार मेजर दान सिंह, नवीन गिरी, महेंद्र सिंह,प्रदीप सिंह,पुष्टि बल्लभ, मनोज पाटनी सहित बड़ी संख्या में 19 कुमाऊँ रेजीमेंट के पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन कैप्टन राम दत्त (सेना मेडल) ने किया।

समारोह सौहार्द, अनुशासन, सैन्य परंपराओं तथा राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।