पिथौरागढ़। जिले की ग्राम पंचायत गणकोट में मानसून के दौरान सुकौली–गणकोट मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान कर सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल हालत के कारण आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बरसात में दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
पूर्व ग्राम प्रधान नीरज कुमार ने बताया कि सुकौली–गणकोट मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि गांव पहुंचकर बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद सड़क की समस्या को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया जाता है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का डामरीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी विधानसभा चुनाव में गांव के लोग कड़ा फैसला लेने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
