स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वितीय चरण की प्रगति की समीक्षा हेतु शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक स्वजल को बिना पूर्ण तैयारी के बैठक में उपस्थित होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठकों में अधूरी जानकारी एवं बिना तथ्यों के उपस्थित होना गंभीर लापरवाही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वितीय चरण के अंतर्गत मिशन मोड में कार्य करते हुए सभी लंबित कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा जनपद को ओडीएफ (ODF) संबंधी निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक विकासखंड में नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वच्छ भारत मिशन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही अथवा लक्ष्य प्राप्ति में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समयावधि में प्रगति सुनिश्चित न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में परियोजना प्रबंधक स्वजल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।