पिथौरागढ़।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण, कार्मिकों को दिया राष्ट्र और जनसेवा का संदेश

जनपद में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने ध्वजारोहण कर उपस्थित कार्मिकों और जनपद वासियों को शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के पश्चात जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि “यह दिन उन वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। यह दिन हमारे वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को नमन करने का भी दिन है।”

उन्होंने कहा कि आजादी हमें सहज नहीं मिली है। इसलिए हम सभी का दायित्व है कि देश के विकास और समृद्धि के लिए अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें।

कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित कार्मिकों को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री भटगांई ने कहा कि “जनता की सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। शासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पालन करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।”

इस अवसर पर जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।