पिथौरागढ़।

विकास और देशभक्ति का दिया संदेश

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पिथौरागढ़ जनपद की प्रभारी मंत्री एवं उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पुलिस लाइन स्थित ‘मिनी स्टेडियम’ परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की गूंज के साथ तिरंगे को सलामी दी गई और पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण निर्मित हो गया। यहां उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई।

कैबिनेट मंत्री ने प्रदेश वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज जिस आजादी का हम सभी अनुभव कर रहे हैं, इसके पीछे लाखों कुर्बानियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारत की आजादी के लिए वीरगति को प्राप्त हुए बलिदानियों को याद करने का दिन है।
समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने अपने भाषण में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को मजबूत बनाना और यहाँ की जनसुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क कनेक्टिविटी और स्वरोजगार के अवसरों को सुदूर गाँवों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्ति का संकल्प लेने और खेल तथा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें एक संप्रभु और स्वतंत्र देश प्रदान किया। हमें उनके बलिदान और भूमिका को कभी भूलना नहीं चाहिए। हमारा भी दायित्व है, कि देश हित में कार्य किया जाए और इस प्यारे भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता का सम्मान करते हुए इसकी रक्षा की जाए।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।

इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की आश्रितों और लोकतंत्र सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पुलिस लाइन में कैबिनेट मंत्री सहित अन्य गणमान्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और नगरवासी उपस्थित रहे।