सैनिक गौरव, राष्ट्रभक्ति और ‘देश प्रथम’ की भावना से गूंजा पिथौरागढ़
पिथौरागढ़। स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन, पिथौरागढ़ द्वारा नगर क्षेत्र में गर्व, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। संगठन के उपाध्यक्ष रमेश सिंह महर के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा हाथों में थामे, भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों के साथ जब पूर्व सैनिक नगर की सड़कों पर निकले तो पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। पूर्व सैनिकों की वर्दी, सिर पर सजी सम्मानजनक टोपी, सीने पर सजे युद्ध पदक एवं मेडल और अनुशासनबद्ध अंदाज ने उनके गौरवशाली सैनिक जीवन की यादों को जीवंत कर दिया। यह दृश्य जनपद के लिए निश्चित रूप से एक गौरवपूर्ण और यादगार क्षण रहा।
तिरंगा यात्रा के पश्चात पूर्व सैनिक पदयात्रा करते हुए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय पहुँचे, जहाँ ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत के साथ राष्ट्रध्वज को सम्मान और सलामी दी गई। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने देश प्रथम, समाज सेवा, सैनिक कल्याण तथा सीमांत जनपद के हितों के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल करम सिंह सहित विभागीय स्टाफ की भी उपस्थिति रही। पूर्व सैनिक संगठन ने इस अवसर पर समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक राष्ट्रभक्ति की भावना पहुँचाने की हमारी जिम्मेदारी भी है।
पूर्व सैनिकों की यह तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सैनिक गौरव, राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश प्रथम की भावना का जीवंत प्रदर्शन रही।
