रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात कांस्टेबल भुवन आर्या की मौत हो गई। शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान उनकी बाइक अचानक एक बैल से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2009 बैच के कांस्टेबल भुवन आर्या (41) पुत्र मनीराम, निवासी मित्रपुरम, जवाहर ज्योति, दमुवादूंगा, हल्द्वानी की ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनाती थी। शुक्रवार रात वह बाइक से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सेंटर प्वाइंट होटल के पास उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए बैल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे में बैल का सींग उनके सीने के पास गंभीर चोट का कारण बना।
हादसे की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल भुवन आर्या को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई थी।
मौत की खबर मिलते ही भुवन आर्या के पिता मनीराम, छोटे भाई कमल चंद्र आर्या समेत अन्य परिजन अस्पताल और संबंधित स्थान पर पहुंचे। परिवार को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, घर में मातम छा गया। भुवन आर्या तीन भाइयों में बीच के थे। उनके परिवार में पत्नी और सात वर्ष का बेटा है। अचानक हुई इस मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की मौत की खबर से पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों ने भुवन आर्या के निधन पर गहरा दुख जताया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा।
