ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक एवं ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

पिथौरागढ़़।

  जिलाधिकारी  आशीष भटगांई ने गुरुवार को जनपद पिथौरागढ़ के अंतर्गत परिवहन विभाग की नव निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के तहत निर्मित इंटीग्रेटेड बिल्डिंग, ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक एवं ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन निर्माण की स्थिति का अवलोकन किया। भवन का मुख्य निर्माण कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि फिनिशिंग से संबंधित कुछ कार्य अभी शेष हैं। वहीं ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर दोपहिया, चारपहिया हल्के वाहनों एवं भारी वाहनों के ड्राइविंग टेस्ट से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पाया कि स्टेशन में आवश्यक मशीनों की इंस्टॉलेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि इसके संचालन के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर की स्थापना का कार्य अभी शेष है। जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी एवं परियोजना निदेशक, निर्माण इकाई, पेयजल निगम पिथौरागढ़ को निर्देश दिए कि ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक एवं ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के संचालन हेतु आवश्यक सॉफ्टवेयर इंस्टॉलेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही भवन में फिनिशिंग से संबंधित शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि परियोजना को निर्धारित समय में संचालित कर आमजन को इसका लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

इस दौरान जिलाधिकारी ने नवनिर्मित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय तक शहर से आवागमन के लिए प्रयुक्त मोटरमार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि वर्तमान में मार्ग कच्चा एवं संकरा है उसे तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिये ।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि उक्त मोटरमार्ग को शीघ्र परिवहन के लिए उपयुक्त एवं सुचारु अवस्था में लाने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना के संचालन के साथ-साथ आमजन एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान हरीश प्रकाश, परियोजना निदेशक, निर्माण इकाई, पेयजल निगम पिथौरागढ़, डी.एम. गुप्ता, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग पिथौरागढ़ एवं अभिनव गहतोड़ी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), पिथौरागढ़ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।