पिथौरागढ़, ।

गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता न करने के दिए निर्देश।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज नगर क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं के लिए निर्माणाधीन कामकाजी महिला हॉस्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से हॉस्टल के निर्माण एवं हॉस्टल बन जाने के उपरांत उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था ब्रिडकुल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में किए जा रहे सभी निर्माण एवं अन्य कार्य उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने अवशेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, ताकि इसका लाभ कामकाजी महिलाओं को शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके।

जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 निर्मल सिंह बसेड़ा ने बताया कि 50 बेड क्षमता वाले इस कामकाजी महिला हॉस्टल का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से किया जाएगा। हॉस्टल में कामकाजी महिलाओं के ठहरने एवं आवास की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही कैंटीन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हॉस्टल को महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित एवं सुविधाजनक रूप में तैयार किया जाए तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक ब्रिडकुल संदीप रावत , तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।