पिथौरागढ़।

जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई के निर्देशों के क्रम में यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के दृष्टिगत तहसीलदार सदर एवं थाना प्रभारी द्वारा घाट क्षेत्र के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था तथा यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं का मौके पर जाकर जायजा लिया गया। क्षेत्र में लगातार ऊपर से छोटे-छोटे पत्थर एवं मलबा आने की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा स्वयं सतत निगरानी की जा रही है तथा समय-समय पर संबंधित अधिकारियों से मौके की स्थिति एवं किए जा रहे सुरक्षा उपायों की जानकारी ली जा रही है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतत निगरानी रखी जाए तथा पत्थर एवं मलबा गिरने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखा जाए। साथ ही, किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए घाट क्षेत्र सहित संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।