पिथौरागढ़, ।

अस्पताल, स्कूल और झूला पुल का भी किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश।

राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के मुन्ना बैंड के स्लाइडिंग जोन में बरसात के दौरान भूस्खलन होने से मार्ग अवरुद्ध होने तथा यातायात प्रभावित होने की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज राड़ीखूटी और रामेश्वर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग एवं सड़क तथा पुल निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। रामेश्वर एवं राड़ीखूटी के बीच स्थित झूला पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुल का सेफ्टी ऑडिट कराने तथा आवश्यकतानुसार सुधारीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय रामेश्वर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, ओपीडी एवं उपस्थित कार्मिकों के संबंध में जानकारी ली तथा अस्पताल परिसर एवं कक्षों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय राड़ीखूटी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया और विद्यालय परिसर एवं भवन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय भवन की आवश्यक मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा परिसर में समुचित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर राड़ीखूटी का भी निरीक्षण किया और ओपीडी सहित उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को क्षेत्रीय लोगों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

तत्पश्चात जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र इग्यार देवी का निरीक्षण करते हुए अस्पताल स्टाफ को निर्देश दिए कि अस्पताल के उपलब्ध संसाधनों का शत प्रतिशत सदुपयोग करें। लोगों को बेहतर चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराएं तथा मरीजों और तीमारदारों के साथ कुशल व्यवहार रखें।

इस दौरान तहसीलदार विजय गोस्वामी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।