पिथौरागढ़।

स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज चंडाक क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भागीदारी करते हुए क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग करते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के निर्माण के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि कूड़ा निर्धारित स्थलों पर ही डाला जाए और खुले में कूड़ा फेंकने से बचें। उन्होंने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचने तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहे तो स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी लोगों से स्वच्छता अभियान से जुड़ने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की। अभियान के माध्यम से क्षेत्रवासियों को स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।

इस दौरान मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी सहित जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।