पिथौरागढ़, ।
खेलों से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण की भावना होती है विकसित: अजय टम्टा
मा० सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने आज स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू, पिथौरागढ़ में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का अनावरण किया। प्रतियोगिता में संसदीय क्षेत्र की 12 विधानसभाओं से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है।
इस अवसर पर मा० मंत्री श्री अजय टम्टा ने कहा कि सांसद खेल ट्रॉफी का आयोजन खेल महाकुंभ के माध्यम से किया जा रहा है। इसके लिए न्याय पंचायत स्तर से खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसके बाद विधानसभा स्तर पर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया है।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण की भावना विकसित होती है। खेल उन्हें विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने तथा देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें सामाजिक बुराइयों तथा मोबाइल तक सीमित जीवनशैली से दूर रखने में भी सहायक हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी में 12 विधानसभाओं के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है। खेलों से अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने की अपेक्षा की।
इस अवसर पर दर्जाधारी गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, खेल विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।