–
गांधी चौक में सर्वधर्म सभा के साथ मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती
पिथौरागढ़, 02 अक्टूबर 2026 (सू.वि.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद पिथौरागढ़ में श्रद्धा, गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनपद के समस्त शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, संस्थानों तथा विद्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति, स्वच्छता एवं सद्भाव के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रभक्ति एवं दृढ़ नेतृत्व के आदर्शों पर प्रकाश डाला। इस दौरान उपस्थित जनों को सत्य, अहिंसा, शांति, स्वच्छता, नशामुक्ति तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग की शपथ भी दिलाई गई।
पूर्वाह्न में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई द्वारा कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी एवं स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, शांति, स्वच्छता एवं नशामुक्ति के साथ ही लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रयोग की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला मुख्यालय स्थित गांधी चौक में मुख्य कार्यक्रम के रूप में सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई एवं मेयर नगर निगम कल्पना देवलाल ने महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, उनके सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों तथा समाज में शांति, सद्भाव एवं स्वच्छता के लिए उनके विचारों पर प्रकाश डाला। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के देशहित में किए गए कार्यों एवं उनके प्रेरणादायी जीवन पर चर्चा की गई। शास्त्री जी द्वारा दिए गए ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष के माध्यम से देश की सुरक्षा एवं कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त नगर निगम राजदेव जायसी, जिला शिक्षाधिकारी हिमांशु नौगांई, जनपद के गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों द्वारा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों एवं महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में चरखे से कताई-बुनाई का प्रदर्शन भी किया गया, जिसके माध्यम से गांधी जी के स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता के संदेश को स्मरण किया गया।
इस दौरान विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों,नगर निगम के स्वच्छकों व वरिष्ठ नागरिकों को अंग वस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालयों में प्रभात फेरियों के साथ निबंध लेखन,वाद व अन्य प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति समर्पण से परिचित कराया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मेयर नगर निगम ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज में शांति, सद्भाव, स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता स्थापित करने के लिए प्रासंगिक हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण एवं संघर्षशील जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
गांधी जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, महिला कार्यशाला एवं बंदीगृह में फल वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त लंदन फोर्ट में महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई तथा उनके प्रिय भजनों का प्रसारण किया गया।
जनपदभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव, सेवा एवं राष्ट्रहित के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।