पिथौरागढ़, ।
जन
21 शिकायतें दर्ज, 17 का मौके पर निस्तारण; विभिन्न विभागीय स्टॉलों से 419 लोग लाभान्वित
सेवा संकल्प अभियान के तहत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के अनुरूप विकासखंड बिण में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने प्रतिभाग कर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर में कुल 21 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 419 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कलस्टर लेवल फेडरेशन के अंतर्गत विभिन्न समूहों को लगभग 6.5 लाख रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए। साथ ही दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद गरीब कल्याण और जनसुविधाओं के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। बिजली, पेंशन, रसोई गैस, शौचालय, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में सड़क और विद्युत सुविधाओं का विस्तार हुआ है तथा आवासविहीन लोगों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा गरीब कल्याण के साथ-साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से पिथौरागढ़ में आजीविका के अवसर बढ़ रहे हैं तथा हवाई सेवा के विस्तार से क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। उन्होंने इन प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आमजन की शिकायतों एवं सुझावों को प्राथमिकता के साथ सुनकर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। विकास भवन में हेल्प डेस्क के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण की नियमित अपडेट ली जा रही है। साथ ही ‘हेलो हेल्प पिथौरागढ़’ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है।
इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ जे एस चुफाल सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं आम जनमानस मौजूद रहा।