पिथौरागढ़, ।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गुरुवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिलाओं एवं बच्चों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पात्र लाभार्थियों का प्रभावी ढंग से चिन्हीकरण करते हुए उन्हें समयबद्ध रूप से योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सभी पात्र महिलाओं का चिन्हीकरण कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में निर्धारित प्रगति बनाए रखी जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 निर्मल बसेड़ा सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।